Thursday, 31 August 2017

कुछ जतन कीजिये,कुछ मनन कीजिये ।

कुछ जतन कीजिये,कुछ मनन कीजिये ।
फिर सही रास्ते का चयन कीजिये ।
..
जिंदगी आपकी फैसला आपका
क्या सही क्या गलत आंकलन कीजिये ।
..
हौसला है तो फिर कुछ नहीं है कठिन
अपने कदमों में सारा गगन कीजिये
..
ऐब औरों में भी देखिए पर जरा
साफ अपना भी थोड़ा चलन कीजिये
..
ये अँधेरा भी छँट जाएगा एक दिन
हक़ में उम्मीद की इक किरण कीजिये
..
आपसे प्यार रोशन रहेगा रमा
नफरतों को ज़िगर में दफन कीजिये

रमा प्रवीर वर्मा.... ३-७-१७ 

जिंदगी से जो लड़ा करते हैं

जिंदगी से जो लड़ा करते हैं
रोज़ जीते हैं मरा करते हैं
..
कोई अपना न किसी से रूठे
बस यही रब से दुआ करते हैं
..
फ़क्त अश्कों का ठिकाना था वो
अब वहाँ ख्वाब बसा करते हैं
..
ढूंढने से न मिला सच हमको
झूठ राहों पे बिका करते हैं
..
खौफ तूफ़ान का नहीं उनको
अपने दम पर जो उड़ा करते हैं
..
इन दरख्तों का हौसला देखो
आँधियों में भी पला करते हैं
..
काम करते हैं जो बुरे हरदम
सबकी नज़रों से गिरा करते हैं
..
जो निभाते हैं रिश्ते शिद्धत से
प्यार का हक़ भी अदा करते हैं
..
खुश हैं हर हाल में रमा" देखो
हम न शिकवा न गिला करते हैं
रमा प्रवीर वर्मा ......... २-७-17

खुद को औरों के गुनाहों की सजा दें कैसे

खुद को औरों के गुनाहों की सजा दें कैसे
आग अपने ही घरौंदे में लगा दें कैसे
..
दौर है आँधियों का चुप ही रहें तो अच्छा
चोट इस दिल की जमाने को दिखा दें कैसे
..
चंद पैसों के लिए बेच के गैरत अपनी
खुद को अपनी ही निगाहों से गिरा दें कैसे
..
वक्त होता है हरिक ज़ख्म का मरहम खुद ही
फिर कहो वक्त पे इल्ज़ाम लगा दें कैसे
..
मुश्किलों में चला वो साथ जैसे हो साया
छाँव खुशियों की है तो उसको भुला दें कैसे
..
अश्क दहलीज़ पे कबसे रुके हैं आँखों की
बेक़रारी में भला इनको बहा दें कैसे
जिन चरागों ने दिए आज उजाले हमको
सुबह होते ही भला उनको बुझा दें कैसे 

रमा प्रवीर वर्मा ...

दर्द की हद से चलो आज किनारा कर लें

दर्द की हद से चलो आज किनारा कर लें
जो दिया हमको ख़ुदा नें वो गवारा कर लें
..
इल्म दिल को न रहे वक्त गुज़र जाने पर
आओ बचपन की शरारत भी दुबारा कर लें
..
रास आतीं नहीं हमको ये बहारें तुम बिन
दिल करे चाँद में तुमको ही निहारा कर लें
..
आजमाती हैं लकीरें भी हमें हाथों की
हम भी तक़दीर का आंखों से नज़ारा कर लें
..
हार क्या जीत भी क्या इश्क के इस सौदे में
प्यार की बात है थोडा सा खसारा कर लें
..
दे दुआओं में हमारी भी असर ऐ मालिक
हो कोई हाल यहाँ हँस के गुजारा कर लें
..
साथ गैरों का मिले या न मिले गम कैसा
खुद को ही खुद का "रमा" आज सहारा कर लें
..
रमा प्रवीर वर्मा

7-4-16

खुशियाँ जरा लुटाकर देखो

खुशियाँ जरा लुटाकर देखो
सबको गले लगाकर देखो
..
भेद भाव की सब दीवारें
तुम भी जरा गिराकर देखो
..
नफरत के रंगों में थोड़ा
अपना प्यार मिलाकर देखो
..
दूर फ़ासले हो जाएंगे
वादे वफ़ा निभाकर देखो
..
बन जायेगा पेड़ किसी दिन
पौधा एक लगाकर देखो
..
रिश्ते और भी गहरे होंगे
रूठे यार मनाकर देखो
..
असर पड़ेगा बातों का भी
लहज़ा नर्म बनाकर देखो
..
हल हो जायें सभी मसअले
थोड़ा सा सुलझाकर देखो
..
रमा राह भी रोशन होंगी
सूरज नया उगाकर देखो

रमा प्रवीर वर्मा ... 25-6-17

खुद पर दाँव लगाकर देखो

खुद पर दाँव लगाकर देखो
थोड़ा रिस्क उठाकर देखो
..
बाज़ी होगी हाथ तुम्हारे
पक्की चोट लगाकर देखो
..
दुनिया भी होगी कदमों में
रुतबा जरा बनाकर देखो
..
पल में मालामाल बनोगे
थोड़ी रिश्वत खाकर देखो
..
कितना चैन सुकून मिलेगा
थोड़ी दुआ कमाकर देखो
..
आसमान होगा मुट्ठी में
पंख जरा फैलाकर देखो
..
गूँज उठेगी सूनी गलियाँ
एक तराना गाकर देखो
..
वीराने भी चहक उठेंगे
महफ़िल कभी सजाकर देखो
..
रमा प्रवीर वर्मा ....

काश ये मौसम सुहाना हो गया होता

काश ये मौसम सुहाना हो गया होता
खुशनुमा हर पल बिताना हो गया होता 1
..
गम की छाया दूर होती, रोशनी होती
कदमों में सारा जमाना हो गया होता 2
..
छेड़तीं जब साज कोई ये हवाएं तो
खूबसूरत सा तराना हो गया होता 3
..
मुस्कुराती चाँदनी और रात भी हँसती
देख अम्बर भी दीवाना हो गया होता 4
..
नफ़रतें भी मिट गई होती जमाने से
प्यार का दिल में ठिकाना हो गया होता 5
..
दूरियाँ रिश्तों में फिर आती नहीं ऐसे
जो कभी मिलना मिलाना हो गया होता 6
..
बहकी बहकी सी बहारें साथ होती तो
दिल्लगी का कुछ बहाना हो गया होता 7

रमा प्रवीर वर्मा.... 25-6-17

हमको स्वस्थ बनाता योग

हमको स्वस्थ बनाता योग
सारे रोग भगाता योग
..
ऊर्जा शक्ति मानव मन में
देखो खूब बढ़ाता योग 
..
आसन हो या हो प्राणायम
जीवन सफल बनाता योग
..
कभी बीमारी पास न आये
सबको यही बताता योग
..
सुबह सवेरे शुद्ध हवा का
हमको लाभ कराता योग
..
तन पर काबू मन पर काबू
रखना हमें सिखाता योग
..
रोगमुक्त जीवन चाहे जो
वह मानव अपनाता योग
रमा प्रवीर वर्मा....
20-6-17

आँख मिचौली करते बादल


आँख मिचौली करते बादल 
हमको कितना छलते बादल 
..
कभी उमड़ते कभी घुमड़ते
लेकिन नहीं बरसते बादल
..
चालीस पर अटका है पारा
किन्तु नहीं पिघलते बादल
..
सूखे गाँव गली चौबारे
पल भर नहीं ठहरते बादल
..
व्याकुल देख सभी को अक्सर
ठंडी आहें भरते बादल
..
आसमान पर आँख गढ़ाए
लोग सभी ही तकते बादल
..
सूरज के सँग अठखेली कर
देखो खूब मटकते बादल
..
सच बोलूं तो इन हरकत से
अब नैनों को खलते बादल
..
रमा प्रवीर वर्मा..... 20-6-17

लहज़े में जिनके थोड़ी नज़ाकत नहीं रही

लहज़े में जिनके थोड़ी नज़ाकत नहीं रही
ये जान लो कि उनमें शराफत नहीं रही
..
शुहरत मिली तो होश में फिर वो नहीं रहा
रिश्ते निभाने की भी तो कुव्वत नहीं रही
..
वो छोड़ कर गए हमें अच्छा ही तो हुआ
दिल पर किसी की आज हुकूमत नहीं रही
..
मौसम भी और हक़ में नहीं हैं हवाएं अब
हमको बहार की कोई हसरत नहीं रही
..
महफ़ूज़ ज़ेह्न में हैं कई ख्वाब आज तक
दुनिया की जिसपे कोई नजारत नहीं रही
..
खामोशियों से जबसे हमें प्यार हो गया
शिकवे रहे न और शिकायत नहीं रही
..
रहकर भी ज़िंदा लग रहे वे लाश के समान
गैरत अगर किसी की सलामत नहीं रही
..
रहतें रमा अदब से औ कहते हैं शान से
दिल को यहाँ किसी से अदावत नहीं रही

रमा प्रवीर वर्मा.... 19-6-17

शायद कोई राज़ छिपाया लगता है

शायद कोई राज़ छिपाया लगता है
चेहरे के ऊपर इक चेहरा लगता है
..
प्यार वफ़ा कसमें रस्में वह क्या जानें
जिसको जीवन खेल तमाशा लगता है 
..
वक्त के हाथों की हम सब हैं कठपुतली
आज यहाँ कल कहीं ठिकाना लगता है
..
रोटी की कीमत उनसे जाकर पूछो
मुश्किल जिनको एक निवाला लगता है
..
जीते है हरदम जो अपनी शर्तों पर
उनका हर अंदाज़ निराला लगता है
..
करते हैं जो बात सियासी ही अक्सर
घिसा पिटा सा उनका जुमला लगता है
..
खोई हो मुस्कान भले ही होंठो की
ढूंढो तो बस एक बहाना लगता है

रमा प्रवीर वर्मा..
17-6-17

महफ़िल में हर शक़्स पराया लगता है

महफ़िल में हर शक़्स पराया लगता है
ऐसे में फिर दिल भी किसका लगता है
..
लोग जिसे कहते पागल दीवाना सा
हमको वो हालात का मारा लगता है
..
चाँद सितारों की कर बैठा है चाहत
कभी कभी ये दिल बच्चा सा लगता है
..
महका गुलशन और खिली है अमराई
ये मौसम भी आज सुहाना लगता है
..
कभी नहीं तोड़ो विश्वास किसी का भी
इसे कमाने में इक अरसा लगता है
..
कितनी उलझन है कितने जंजाल यहाँ
नज़रों से अब दूर किनारा लगता है
..
रास न हमको आई ख़ुशी जमाने की
साथ गमों के गहरा नाता लगता है
..
बेगानी सी लगती है दुनिया सारी
दिल में जब यादों का मेला लगता है

रमा प्रवीर वर्मा ................
17-6-17

आपको हम गुलाब लिख देंगे

आपको हम गुलाब लिख देंगे
रुख पे खिलता शवाब लिख देंगे
..
आप शामिल हो जिंदगी में तो
हर घड़ी लाजवाब लिख देंगे 
..
प्यार है तो कुबूल कर लेना
इश्क हम बेहिसाब लिख देंगे
..
दिल में क्या है अगर बता दो तो
हम भी अपना जवाब लिख देंगे
..
आपका साथ, रात बहकी सी
उसपे इक माहताब लिख देंगे
..
खोई खोई सी आँखों पर हम भी
एक महका सा ख्वाब लिख देंगे
..
हिज्र की रात किस तरह गुजरी
आज सारा हिसाब लिख देंगे
..
आपको आपसे चुराकर हम
जिंदगी कामयाब लिख देंगे

रमा प्रवीर वर्मा ....... 11-6-17

बूंदों की इस जमीं से मुलाक़ात भी तो हो

बूंदों की इस जमीं से मुलाक़ात भी तो हो
काली घटा का क्या करें बरसात भी तो हो 
..
माना मिजाज़ बादलों का है खफ़ा खफ़ा
भीगी हुई सी उनमें कोई बात भी तो हो
..
थिरकेंगे पाँव भूलके सारी रवायतें
ऐ मेरे खुदा आज करामात भी तो हो
..
हसरत ये दिल की आज मुकम्मल हो कम से कम
महकी हुई फिजाओं की सौगात भी तो हो
..
शिकवे रहेंगे और नहीं कोई शिकायतें
गम को भुलाने की यहाँ शुरूआत भी तो हो
..
जीते रहे थे रोज़ ही तन्हाइयों में हम
तारों से भरी आज कोई रात भी तो हो
..
जल्दी ही खत्म हो ये खेल धूप छाँव का
शह पड़ गई जो बादलों पे मात भी तो हो
~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~


रमा प्रवीर वर्मा... (11-6-17)

पत्थर दिखाई दे कभी शीशा दिखाई दे

पत्थर दिखाई दे कभी शीशा दिखाई दे 
दिल है मेरे महबूब का प्यारा दिखाई दे 
..
कैसी अजीब बात हो रही है आजकल 
देखूँ जिधर भी अक्स उसीका दिखाई दे 
..
हम कर चुके हैं सारी ख़ुशी आप के ही नाम
गम आपका भी अब हमें अपना दिखाई दे
..
रहता है कौन दिल में हमारे नहीं पता
हर सिम्त नूर उसका ही बिखरा दिखाई दे
..
होने लगी हैं हसरतें भी अब जवां जवां
रुख आज हवाओं का भी बहका दिखाई दे 


..
रमा प्रवीर वर्मा ... (11-6-17)

हद से बढ़ीं हैं मुश्किलें रस्ता दिखाई दे

हद से बढ़ीं हैं मुश्किलें रस्ता दिखाई दे
तन्हाइयों में कोई तो अपना दिखाई दे
..
नफरत की शै में जी रहे हैं लोग जिंदगी
हर आदमी आपस में क्यों लड़ता दिखाई दे 
..
बेशक किसी के वास्ते रुकता नहीं समय
पाबंदियों का हर घड़ी पहरा दिखाई दे
..
मुमकिन है उनकी गलतियों को माफ़ कर दें हम
उनका अगर जो नर्म सा लहज़ा दिखाई दे
..
जितना लिखा नसीब में उतना हमें मिला
आँखों में ख्वाब अब भी अधूरा दिखाई दे
..
इस तीरगी का गम न मनाना ऐ जिंदगी
ढलने लगे जो शब तो उजाला दिखाई दे
..
पहले सी बात अब न रही है सूकून की
हर शख्स हमको खून का प्यासा दिखाई दे

रमा प्रवीर वर्मा  (10-6-17)

उन्हें नज़रें चुराना आ गया है

गीतिका

उन्हें नज़रें चुराना आ गया है
बहाना भी बनाना आ गया है 1
..
निभाएगा भला रिश्ता भी कैसे
जिसे वादा भुलाना आ गया है 2
..
शहर वीरान सा लगने लगा अब
न जाने क्या जमाना आ गया है 3
..
कहीँ दंगा कहीं आतंक फैला
लहू सबको बहाना आ गया है 4
..
मिटा है प्यार क्यों सबके दिलों से
किसे नफरत उगाना आ गया है 5
..
चुकाएगा नमक का कर्ज वह क्या
जिसे ख़ंजर चलाना आ गया है 6

रमा प्रवीर वर्मा (10-6-17)

राखी का त्योहार

रेशम के धागों में लिपटा भाई बहन का प्यार  बँधवालो भैया हाथों पर करती हूँ मनुहार  .. तेरे आँगन बजे हमेशा खुशियों की शहनाई  रिश्ते की इ...