Thursday, 31 August 2017

बूंदों की इस जमीं से मुलाक़ात भी तो हो

बूंदों की इस जमीं से मुलाक़ात भी तो हो
काली घटा का क्या करें बरसात भी तो हो 
..
माना मिजाज़ बादलों का है खफ़ा खफ़ा
भीगी हुई सी उनमें कोई बात भी तो हो
..
थिरकेंगे पाँव भूलके सारी रवायतें
ऐ मेरे खुदा आज करामात भी तो हो
..
हसरत ये दिल की आज मुकम्मल हो कम से कम
महकी हुई फिजाओं की सौगात भी तो हो
..
शिकवे रहेंगे और नहीं कोई शिकायतें
गम को भुलाने की यहाँ शुरूआत भी तो हो
..
जीते रहे थे रोज़ ही तन्हाइयों में हम
तारों से भरी आज कोई रात भी तो हो
..
जल्दी ही खत्म हो ये खेल धूप छाँव का
शह पड़ गई जो बादलों पे मात भी तो हो
~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~~


रमा प्रवीर वर्मा... (11-6-17)

No comments:

Post a Comment

राखी का त्योहार

रेशम के धागों में लिपटा भाई बहन का प्यार  बँधवालो भैया हाथों पर करती हूँ मनुहार  .. तेरे आँगन बजे हमेशा खुशियों की शहनाई  रिश्ते की इ...